ADD

Breaking News

संयोजक राजेश साह की अगुवाई में रंग पंचमी पर प्राचीन शिव मंदिर में मनाई गई देव होली


पटना सिटी ।
महाशिवरात्रि महोत्सव शोभा यात्रा समिति की ओर से रंग पंचमी के अवसर पर सिमली स्थित प्राचीन शिव मंदिर में भगवान भोलेनाथ का विशेष पूजन, श्रृंगार एवं देव होली का आयोजन धूमधाम से किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर भक्ति और उत्साह के रंगों से सराबोर नजर आया।

कार्यक्रम में भगवान शिव और माता पार्वती की आकर्षक एवं मनमोहक झांकियां सजाई गईं, जिनके दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने भगवान पर पुष्प वर्षा करते हुए अबीर-गुलाल अर्पित किया और देव होली खेली। इस दौरान श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि तथा विश्व कल्याण की कामना की।


महाशिवरात्रि महोत्सव शोभा यात्रा समिति के संयोजक राजेश साह ने बताया कि चैत मास के कृष्ण पक्ष की पंचमी तिथि को रंग पंचमी के रूप में देव होली मनाने की परंपरा है। इस दिन देवी-देवताओं को रंग-बिरंगे अबीर अर्पित कर होली खेलने से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और जीवन में सुख-शांति आती है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में भाईचारा और आस्था मजबूत होती है।

मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन और हर-हर महादेव के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे कार्यक्रम में शामिल होकर देव होली का आनंद लिया।

इस आयोजन को सफल बनाने में दिलीप चौधरी, मनोज वर्मा, सुरेश सिंह पटेल, संतोष जायसवाल, रविकांत शुक्ला, संजीव पाल गुप्ता, अमित केसरी, दीपेंद्र प्रसाद, सुरेश प्रसाद सहित समिति के कई सदस्य सक्रिय रूप से जुटे रहे।

No comments