ADD

Breaking News

श्री गुरु गोविंद सिंह सदर अस्पताल की कुव्यवस्था के खिलाफ आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन

पटना सिटी। श्री गुरु गोविंद सिंह सदर अस्पताल के नव निर्मित भवन का संचालन प्रारंभ करने और अस्पताल में व्याप्त कुव्यवस्था के विरोध में आज अस्पताल के मुख्य द्वार पर श्री गुरु गोविंद सिंह अस्पताल सुधार समिति की ओर से आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में समिति के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सुधार समिति के महासचिव सह पूर्व पार्षद बलराम चौधरी ने की।

उन्होंने कहा कि समिति की मांग पर तत्कालीन उपमुख्यमंत्री सह पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेजस्वी यादव ने अपने निरीक्षण के दौरान करीब 33 करोड़ रुपये की लागत से लगभग 100 बेड वाले आधुनिक अस्पताल भवन का डीपीआर तैयार कर शिलान्यास कराया था।https://youtu.be/iDFuozhWu_U उन्होंने बताया कि लगभग छह माह पूर्व माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस भवन का ऑनलाइन उद्घाटन कर इसे पटना सिटी की जनता को समर्पित किया था, लेकिन अब तक इसका संचालन शुरू नहीं हो पाया है।

सुधार समिति के उपाध्यक्ष देवरत्न प्रसाद, इकबाल अहमद और राम नारायण सिंह ने कहा कि अत्याधुनिक तकनीक से निर्मित यह भवन गरीब, वंचित और शोषित मरीजों के लिए सभी सुविधाओं से लैस है। इसके बावजूद सरकार की उदासीनता के कारण भवन पिछले छह माह से धूल फांक रहा है, जिससे मरीजों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

प्रदर्शनकारियों में शामिल सरदार दया सिंह, शंभू शरण प्रसाद, इबरार रजा, शरीफ अहमद रंगरेज, एजाजुद्दीन उर्फ शानू, बलिराम विश्वकर्मा, केसरी कुमार, सरदार बाबू सिंह, मो शाहिद, विजय कुमार, विवेक कुमार, सरदार बिट्टू सिंह, शाहीन अनवर, राजेश प्रसाद शेट्टी और जावेद इकबाल सहित अन्य लोगों ने मांग की कि नवनिर्मित भवन में शीघ्र मरीजों की व्यवस्था शुरू की जाए। साथ ही अस्पताल में 24 घंटे मेडिकल इमरजेंसी, गर्भवती महिलाओं के लिए 24 घंटे ओटी सुविधा, डेंटल ओपीडी में एक्स-रे व्यवस्था, तथा पदस्थापित डॉक्टरों को डिपुटेशन पर भेजने की प्रक्रिया बंद करने की मांग की गई।

प्रदर्शन के उपरांत समिति की ओर से बिहार सरकार के माननीय स्वास्थ्य मंत्री के नाम से अस्पताल अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा गया।

No comments