ADD

Breaking News

पटना सिटी | महाशिवरात्रि पर निकलेगी भव्य शिव बारात, जनसंपर्क अभियान तेज

पटना सिटी में महाशिवरात्रि पर्व को लेकर श्रद्धा और उत्साह का माहौल बनता जा रहा है। आगामी 15 फरवरी को भगवान शिव की भव्य शोभा यात्रा (शिव बारात) निकाली जाएगी। इसको लेकर महाशिवरात्रि महोत्सव शोभा यात्रा समिति द्वारा तैयारियां जोरों पर हैं। यह शोभा यात्रा इस वर्ष अपनी 28वीं वर्षगांठ के साथ भव्य रूप में निकाली जाएगी।

शोभा यात्रा की सफलता के लिए समिति की ओर से विभिन्न मोहल्लों में जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है।

अलग-अलग टोलियां घर-घर जाकर लोगों को महाशिवरात्रि शोभा यात्रा में शामिल होने का आमंत्रण दे रही हैं। सोमवार को यह जनसंपर्क अभियान तथागत नगर जमुनापार भट्टी पर, पश्चिम दरवाजा, हाजीगंज, पूरब दरवाजा, मारूफगंज, मंसूरगंज, मालसलामी, महाराजगंज, नगला, सिमली, भट्टी पर सहित दर्जनों मोहल्लों में चलाया गया।

शोभा यात्रा के संयोजक राजेश साह ने बताया कि महाशिवरात्रि के दिन शोभा यात्रा सिमली छोटी मंदिर से प्रारंभ होकर अशोक राजपथ के मुख्य मार्ग से होते हुए गायघाट स्थित श्री गौरी शंकर मंदिर तक जाएगी। शोभा यात्रा में भगवान शिव के साथ-साथ पौराणिक धार्मिक झांकियां, आकर्षक साज-सज्जा और कीर्तन मंडलियां विशेष आकर्षण का केंद्र होंगी।

उन्होंने कहा कि गांव और मोहल्लों से अधिक से अधिक संख्या में श्रद्धालु इस धार्मिक आयोजन में शामिल हों, इसके लिए जनसंपर्क अभियान को व्यापक रूप से चलाया जा रहा है। जनसंपर्क अभियान में समिति के अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण साह, महामंत्री जयकृष्ण प्रसाद चंद्रवंशी, उपाध्यक्ष सुरेश सिंह पटेल, दिलीप कुमार, मनोज वर्मा, लालू शर्मा, उदय यादव सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता सक्रिय रूप से शामिल रहे।

समिति ने लोगों से अपील की है कि वे महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर शोभा यात्रा में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाएं।

No comments