गायघाट में कबाड़ी दुकान में भीषण आग, मैरेज हॉल भी चपेट में—घंटों की मशक्कत के बाद पाया गया काबू
पटना सिटी | पटना सिटी के गायघाट क्षेत्र स्थित बजरंग पुरी के पास मंगलवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक कबाड़ी दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि उसकी ऊंची लपटें बगल में स्थित एक विवाह मैरेज हॉल तक पहुंच गईं। देखते ही देखते मैरेज हॉल का ऊपरी हिस्सा आग की चपेट में आ गया, वहीं परिसर में रखा जनरेटर भी पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद पूरे इलाके में धुएं का घना गुबार फैल गया, जिससे स्थानीय लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई और कुछ देर के लिए आसपास का वातावरण प्रदूषित हो गया। आग की भयावहता को देखते हुए लोगों ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय थाना और अग्निशमन विभाग को दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग हरकत में आया।
फायर ब्रिगेड के अधिकारी गयानंद सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के करीब 10 मिनट के भीतर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। आग की गंभीरता को देखते हुए कुल 10 दमकल गाड़ियों को लगाया गया, जिनमें बड़ी और छोटी दोनों तरह की गाड़ियां शामिल थीं।
दमकल कर्मियों ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे आसपास की अन्य दुकानों और रिहायशी इलाकों को बचा लिया गया। कबाड़ी दुकान के मालिक पिंटू ने बताया कि सुबह उन्हें दुकान में आग लगने की सूचना मिली। आग में दुकान में रखे टायर और अन्य कबाड़ का सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। उन्होंने अनुमानित तौर पर करीब 25 हजार रुपये के नुकसान की बात कही है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हैं, ताकि आग लगने की वजह और वास्तविक नुकसान का आकलन किया जा सके।




No comments