ADD

Breaking News

घेराविहीन नाले में फिर टला बड़ा हादसा, अनहोनी से इंकार नहीं


पटना |
  वार्ड संख्या 47 अंतर्गत सैदपुर नाला, रामपुर नहर से पूर्व नाला के दक्षिण स्थित व्यस्त तिराहे पर एक बार फिर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मोटरसाइकिल से गुजर रहा शिवम नामक छात्र सामने से आ रहे वाहन से बचने के क्रम में असंतुलित हो गया और घेराविहीन नाले में गिर पड़ा। नाले में पानी अधिक होने के कारण वह डूबने लगा, लेकिन मौके से गुजर रहे विद्यार्थियों ने तत्परता दिखाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद छात्र को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

रितेश कुमार बबलू की जानकारी के अनुसार, इसी स्थान पर वर्ष 2022 में एक युवक की डूबने से मौत हो चुकी है, इसके बावजूद अब तक नाले की स्थायी घेराबंदी नहीं की गई। यह स्थान व्यस्त मोड़ और तिराहा है, जहां दिनभर भारी यातायात रहता है। कुछ दिन पूर्व लगाया गया टिन व बांस का अस्थायी घेरा टूटकर गिर गया, जिससे खतरा और बढ़ गया है।

इस समस्या को लेकर पाटलिपुत्रा नगर विकास समिति लगातार कार्यदायी संस्था बुडको के वरीय पदाधिकारियों को शिकायत करती रही है। समिति को हर बार आश्वासन तो दिया गया, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं हुई

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द से जल्द नाले की मजबूत व स्थायी घेराबंदी नहीं कराई गई, तो भविष्य में किसी बड़ी अनहोनी से इंकार नहीं किया जा सकता

No comments