ADD

Breaking News

“प्रथम की पहल से बदली तस्वीर: 381 बालिकाओं ने थामा सफलता का हाथ”


पटना सिटी |  प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन द्वारा संचालित ‘द्वितीय अवसर कार्यक्रम’ के अंतर्गत पटना शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के 22 उच्च विद्यालयों में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति से अनुत्तीर्ण हुई 381 बालिकाओं को पुनः सफलता की राह पर अग्रसर करने का सराहनीय प्रयास किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं को सुदृढ़ शैक्षणिक मार्गदर्शन और निरंतर सहयोग प्रदान कर उन्हें आत्मविश्वास के साथ बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए तैयार करना है।

कार्यक्रम के तहत चयनित विद्यालयों में विशेष कक्षाओं का नियमित संचालन हो रहा है। गणित, विज्ञान, हिंदी, अंग्रेज़ी सहित परीक्षा कार्यक्रमानुसार अन्य विषयों की गहन तैयारी कराई जा रही है। अभ्यास सत्र, आदर्श प्रश्नपत्रों का हल, समस्या-समाधान सहयोग और सतत मूल्यांकन के माध्यम से छात्राओं की प्रगति की प्रभावी निगरानी की जा रही है। शिक्षकों द्वारा व्यक्तिगत मार्गदर्शन से कमजोर विषयों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

वार्षिक परीक्षा के तृतीय दिवस संस्कृत विषय की परीक्षा के दौरान विद्यालयों एवं परीक्षा केंद्रों पर उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला। बालिकाएँ सकारात्मक ऊर्जा और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा में शामिल हुईं। संस्था के मार्गदर्शन और नियमित अभ्यास ने उनमें नई प्रेरणा का संचार किया है।

संस्था का मानना है कि उचित दिशा, सतत अभ्यास और सहयोगात्मक वातावरण से प्रत्येक बालिका अपनी शैक्षणिक चुनौतियों पर विजय प्राप्त कर सकती है। राज्य कार्यक्रम समन्वयक राजेश कुमार पाण्डेय सहित टीम के सदस्यों के संयुक्त प्रयास से यह पहल बालिकाओं के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

No comments