ADD

Breaking News

तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब से निकला ऐतिहासिक होला मोहल्ला, देश-विदेश की संगतों की उमड़ी भीड़


पटना सिटी। सिख पंथ के दूसरे प्रमुख तख्त तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब से ऐतिहासिक होला मोहल्ला का भव्य आयोजन श्रद्धा, अनुशासन और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। परंपरा के अनुसार वर्ष 1701  में दसवें सिख गुरु गुरु गोविंद सिंह ने आनंदपुर साहिब में इसकी शुरुआत की थी। उसी परंपरा का निर्वहन करते हुए पटना साहिब में भी यह आयोजन हर वर्ष हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है।

होला मोहल्ला के अवसर पर कनाडा, अमेरिका सहित पंजाब और अमृतसर से बड़ी संख्या में सिख श्रद्धालु पटना पहुंचे। पंच प्यारों की अगुवाई में निकले भव्य जुलूस का मार्ग में विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।


 श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया। पारंपरिक परिधानों में सुसज्जित युवाओं ने गतका प्रदर्शन कर वीरता और शौर्य की अद्भुत झलक प्रस्तुत की।

यह धार्मिक जुलूस तख्त श्री हरमंदिर जी से निकलकर कंगन घाट गुरुद्वारा, मंगल तालाब और बाल लीला गुरुद्वारा होते हुए पुनः पटना साहिब गुरुद्वारे पहुंचकर संपन्न होगा। पूरे मार्ग में भक्ति, वीरता और उत्साह का अनोखा संगम देखने को मिला। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। आयोजन ने पटना साहिब की धार्मिक गरिमा और ऐतिहासिक महत्व को एक बार फिर उजागर कर दिया।

No comments