राम नवमी शोभायात्रा को लेकर तैयारी शुरू, पहली आम सभा में बनी रूपरेखा
पटना सिटी। राम नवमी के शुभ अवसर पर आगामी 27 मार्च 2026 (गुरुवार) को मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम की 48वीं भव्य शोभायात्रा के आयोजन को लेकर तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं। इसी क्रम में रविवार, 1 फरवरी 2026 को मच्छरहट्टा स्थित कार्यालय में पहली आम सभा का आयोजन किया गया। यह बैठक पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय रामचन्द्र चन्द्रबंशी के आवास पर आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता श्री राजेश कुमार चन्द्रबंशी ने की, जबकि संचालन समिति के वरिष्ठ सदस्य श्री मुरारी राय ने किया।
बैठक की शुरुआत प्रभु श्रीराम की विधिवत पूजा-अर्चना और आरती के साथ हुई। इसके पश्चात प्रोफेसर अरुण कुमार ने श्री राम जन्मोत्सव समिति के अध्यक्ष पद के लिए श्री राजेश कुमार चन्द्रबंशी के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे उपस्थित सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने सर्वसम्मति से स्वीकार करते हुए माला पहनाकर स्वागत किया और हर्षध्वनि के साथ शुभकामनाएं दीं।
बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष शोभायात्रा का विशेष आकर्षण प्रभु श्रीराम की जीवनी पर आधारित भव्य झांकी होगी। इसके साथ ही स्थानीय कलाकारों, शिव चर्चा मंडलियों, कीर्तन मंडलियों तथा पटना सिटी के विभिन्न मंदिरों को आमंत्रित कर शोभायात्रा को और अधिक भव्य स्वरूप दिया जाएगा। रामभक्तों को अधिक संख्या में जोड़ने के लिए छोटे-छोटे दल बनाकर निमंत्रण पत्र वितरण की जिम्मेदारी पदाधिकारियों को सौंपी गई।
इसके अलावा प्रभु श्रीराम के रथ के आगे महिला मंडलियों द्वारा भजन-कीर्तन करते हुए चलने के प्रस्ताव पर भी विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में शोभायात्रा को बिहार की सर्वश्रेष्ठ शोभायात्रा के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए।
बैठक में समिति के अध्यक्ष राजेश कुमार चन्द्रबंशी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं सक्रिय सदस्य उपस्थित रहे।


No comments