पटना सिटी में संत गुरु रविदास जयंती भव्य रूप से मनाई गई, विजय कुमार सिंह की भूमिका रही अहम
पटना सिटी। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती बाहरी बेगमपुर स्थित श्री जल्लावाले महावीर मंदिर प्रांगण में श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक चेतना के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन श्री जल्लावाले महावीर मंदिर के तत्वावधान में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बुद्धिजीवियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विजय कुमार सिंह की सक्रिय भूमिका उल्लेखनीय रही, जिन्होंने कार्यक्रम समन्वयक के रूप में व्यवस्थाओं को सशक्त रूप से संभाला।
कार्यक्रम की शुरुआत संत गुरु रविदास के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस अवसर पर रविदास साहित्य विशारद् घनश्याम दास हंस ने संत रविदास के जीवन-दर्शन पर प्रकाश डालते हुए उन्हें भक्तिकाल का ध्वजवाहक बताया। उन्होंने संत रविदास के शाश्वत पदों का पाठ कर समाज में समता, समानता और मानवता का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि वार्ड-62 की पार्षद तारा देवी एवं पाटलिपुत्र परिषद् के महासचिव संजीव कुमार यादव ने अपने संबोधन में संत रविदास को जाति-प्रथा, छुआछूत, संप्रदायवाद, कर्मकांड और अंधविश्वास का विरोधी बताया। वक्ताओं ने कहा कि संत रविदास ने सदाचार, परहित और सात्विक जीवन को ईश्वर भक्ति का आधार माना।
समारोह में श्रद्धालु महिलाओं द्वारा भजनों की सस्वर प्रस्तुति दी गई, वहीं युवा कलाकारों ने भक्ति गीतों से समां बांध दिया। कार्यक्रम में कई सामाजिक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन हरिवंश कुमार मिश्र ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन शंकर मेहता ने किया।


No comments