पटना सिटी। जीज़स एण्ड मेरी एकैडमी के प्रांगण में कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों के सम्मान में एक भव्य एवं यादगार विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर उत्सव के रंग में रंगा नजर आया। समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके शैक्षणिक जीवन की नई यात्रा के लिए शुभकामनाएँ देना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना था। सभी छात्र-छात्राएँ रंगीन एवं आकर्षक परिधानों में सजे-धजे हुए थे और किसी फिल्मी सितारे से कम नहीं लग रहे थे।
कार्यक्रम का शुभारंभ ईश-वंदना से हुआ। इसके पश्चात कक्षा नवम् की छात्राओं ने कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों का पारंपरिक रूप से कुम-कुम लगाकर स्वागत किया। विद्यालय की प्राचार्या पूजा एन. शर्मा ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए भावुक शब्दों में कहा कि यह विदाई बिछड़ने के लिए नहीं, बल्कि भविष्य में एक बार फिर सफलता के साथ मिलने का अवसर है। उन्होंने कहा कि जब ये विद्यार्थी अपने तय किए गए लक्ष्यों को प्राप्त कर विद्यालय लौटेंगे, तब विद्यालय का सिर गर्व से ऊँचा होगा।
समारोह का मुख्य आकर्षण ‘मिस्टर एण्ड मिस जीज़स एण्ड मेरी एकैडमी’ प्रतियोगिता रहा। कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों में से तीन छात्र और तीन छात्राओं का चयन किया गया, जिनसे चयन मंडली ने प्रश्न पूछे। चयन मंडली में शिक्षक राजीव कुमार एवं इनॉस जॉर्ज शामिल थे। उत्कृष्ट उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को प्राचार्या पूजा एन. शर्मा, विद्यालय के निदेशक एम्ब्रोस पैट्रिक एवं उपनिदेशक अभिषेक पैट्रिक द्वारा ताज पहनाकर सम्मानित किया गया। मिस्टर जीज़स एण्ड मेरी का खिताब अनुज कुमार को और मिस जीज़स एण्ड मेरी का खिताब आशिफा खलिक को मिला। अन्य श्रेणियों में भी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में निदेशक एम्ब्रोस पैट्रिक ने धन्यवाद ज्ञापन देते हुए विद्यार्थियों को आगामी बोर्ड परीक्षा के लिए शुभकामनाएँ दीं। पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षक मुकेश कुमार ओझा तथा कक्षा नवम् की छात्राएँ माही और मनसा ने किया। समारोह के समापन पर विद्यार्थियों को विद्यालय की ओर से स्मृति-चिह्न प्रदान कर विदा किया गया।
जीज़स एण्ड मेरी एकैडमी में रंगारंग विदाई समारोह, छात्रों का हुआ सम्मान
Reviewed by News City
on
January 31, 2026
Rating: 5
No comments