सैदपुर नाला सड़क निर्माण पर बड़ा फैसला, ऊंचाई विवाद सुलझा—स्थानीय जनता में खुशी की लहर
पटना । सैदपुर नाला पर निर्माणाधीन सड़क की ऊंचाई को लेकर उठ रहे सवालों के बीच गुरुवार को पाटलिपुत्रा नगर विकास समिति के तत्वावधान में स्थल निरीक्षण किया गया। दोपहर लगभग एक बजे कुम्हरार विधायक श्री संजय गुप्ता की मौजूदगी में बुडको के प्रोजेक्ट डायरेक्टर ई. अशोक कुमार के समक्ष समिति द्वारा सड़क की ऊंचाई से जुड़ी समस्या रखी गई। समिति के अध्यक्ष रितेश कुमार बबलू ने बताया कि अधिक ऊंचाई होने से स्थानीय लोगों को जलजमाव और आवागमन में परेशानी हो सकती है।
मौके पर मौजूद अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और समिति के सदस्यों के बीच इस मुद्दे पर लगभग कई घंटों तक गहन विचार-विमर्श हुआ। चर्चा के बाद विधायक श्री संजय गुप्ता ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सड़क निर्माण में क्षेत्र की वास्तविक जरूरतों और जल निकासी को ध्यान में रखते हुए पुनः विचार किया जाए। इस पर बुडको के प्रोजेक्ट डायरेक्टर ई. अशोक कुमार ने सहमति जताते हुए आश्वासन दिया कि सड़क की ऊंचाई वर्तमान लेवल से केवल छह इंच (रोड सहित) ही रखी जाएगी।
इस निर्णय की घोषणा होते ही मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। विधायक श्री संजय गुप्ता ने कहा कि सैदपुर नाला पर सड़क निर्माण को लेकर पाटलिपुत्रा नगर विकास समिति और उसके अध्यक्ष रितेश कुमार बबलू का लंबे समय से संघर्ष रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि निर्माण के दौरान यदि कोई समस्या उत्पन्न होती है तो उसे तुरंत संबंधित अधिकारियों के संज्ञान में लाया जाएगा।
समिति अध्यक्ष रितेश कुमार बबलू ने विधायक की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि विधायक बनते ही जिस तत्परता से उन्होंने इस मुद्दे को उठाया, वह काबिले-तारीफ है। इस अवसर पर वार्ड 47 से मनोज ब्रह्मरिशी, अमरनाथ श्रीवास्तव, मंडल अध्यक्ष अनिल सिंह, वार्ड 48 से प्रदीप, मंडल अध्यक्ष रमेश यादव सहित समिति के सदस्य एवं सैकड़ों स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


No comments