ADD

Breaking News

पटना में दिव्यांग खिलाड़ियों का खेल महाकुंभ, 150 खिलाड़ियों ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में दिखाया दमखम


पटना । 
खेल विभाग, बिहार एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में जिला प्रशासन, पटना द्वारा गुरुवार को एकदिवसीय जिला स्तरीय दिव्यांग खेल प्रतियोगिता का आयोजन पाटलिपुत्र खेल परिसर, कंकड़बाग में किया गया। इस प्रतियोगिता में पटना जिले के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं संस्थानों से जुड़े लगभग 150 दिव्यांग खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को मानसिक दिव्यांग, शारीरिक दिव्यांग, मूकबधिर तथा डवार्फ श्रेणियों में विभाजित कर विभिन्न खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। खिलाड़ियों ने अपनी-अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन करते हुए खेल भावना और आत्मविश्वास का परिचय दिया। मैदान में खिलाड़ियों के जोश और जज्बे ने उपस्थित दर्शकों एवं अधिकारियों को भी प्रेरित किया।

जिला खेल पदाधिकारी पटना, श्री ओम प्रकाश ने बताया कि यह प्रतियोगिता चयनात्मक है। इसमें खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर पटना जिला टीम का गठन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी आगामी पटना प्रमंडल स्तरीय दिव्यांग खेल प्रतियोगिता में पटना जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और खेल विभाग का उद्देश्य दिव्यांग खिलाड़ियों को समान अवसर प्रदान करना और उन्हें खेल के माध्यम से आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है। ऐसी प्रतियोगिताओं से न केवल खिलाड़ियों की प्रतिभा सामने आती है, बल्कि समाज में सकारात्मक संदेश भी जाता है।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन में खेल विभाग के अधिकारियों, प्रशिक्षकों, स्काउट्स तथा स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

No comments