स्वच्छता का संदेश देने गुलज़ारबाग कॉलेज पहुंचीं महापौर सीता साहू
पटना । राजकीय महिला महाविद्यालय, गुलज़ारबाग, पटना में बुधवार को नगर निगम की ओर से स्वच्छता जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं एवं आमजन के बीच स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाना और स्वच्छ वातावरण के महत्व को रेखांकित करना था।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पटना नगर निगम की महापौर श्रीमती सीता साहू एवं नगर निगम की ब्रांड एंबेसडर डॉ. नीतू कुमारी नवगीत थीं। कार्यक्रम का उद्घाटन महापौर श्रीमती सीता साहू, डॉ. नीतू नवगीत तथा महाविद्यालय की प्राचार्या श्रीमती श्रुति तेतरवे ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर प्राचार्या श्रीमती श्रुति तेतरवे ने मुख्य अतिथि एवं अन्य आमंत्रित अतिथियों का स्वागत अंगवस्त्र, पौधा एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर किया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. नीतू नवगीत एवं श्री राजेश केसरी ने स्वच्छता पर आधारित गीतों की प्रस्तुति देकर स्वच्छता का संदेश दिया और कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। महापौर श्रीमती सीता साहू ने अपने संबोधन में स्वच्छता को स्वस्थ जीवन की आधारशिला बताते हुए संसाधनों के संरक्षण पर भी जोर दिया।
प्राचार्या श्रीमती श्रुति तेतरवे ने अपने संबोधन में 3R—रिड्यूस, रीयूज और रीसायकल—के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। स्वच्छता सर्वेक्षण से जुड़े प्रश्नों पर छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए सटीक उत्तर दिए।
कार्यक्रम के अंतर्गत महाविद्यालय की एनएसएस छात्राओं ने समन्वयक डॉ. सबीहा अहसन के नेतृत्व में महाविद्यालय परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। मंच संचालन डॉ. कुमारी निमिषा एवं डॉ. उषा यादव ने संयुक्त रूप से किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. रंजु कुमारी ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय की सभी सहायक प्रोफेसर एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



No comments