6 महीने में बदलेगा मंगल तालाब का रूप, सौंदर्यीकरण से चमकेगा पटना सिटी: रत्नेश कुशवाहा
पटना सिटी । पटना साहिब विधानसभा क्षेत्र से नव निर्वाचित विधायक रत्नेश कुशवाहा ने कहा कि आने वाले छह महीनों के भीतर नगरवासियों को सौंदर्यीकरण युक्त मंगल तालाब की सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर का सौंदर्यीकरण और समग्र विकास उनकी प्राथमिकता सूची में सबसे ऊपर है।
सोमवार को विधायक रत्नेश कुशवाहा ने पटना सिटी के हृदय स्थल माने जाने वाले मंगल तालाब परिसर में चल रहे विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य तय समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं, ताकि आमजन जल्द से जल्द इन सुविधाओं का लाभ उठा सकें।
उन्होंने बताया कि मंगल तालाब के विकास के लिए पर्यटन विभाग द्वारा 11.78 करोड़ रुपये तथा नगर विकास विभाग की ओर से 9.9 करोड़ रुपये की संयुक्त राशि स्वीकृत की गई है। इस योजना के तहत मंगल तालाब परिसर को एक आधुनिक और आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है।
परियोजना के अंतर्गत तालाब के चारों ओर पैदल चलने के लिए ट्रैक, फूड जोन एवं कैफेटेरिया, आकर्षक प्रकाश सज्जा, पार्क एवं चिल्ड्रन पार्क का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा लेजर शो, बैठने की समुचित व्यवस्था, सिटी स्कूल मैदान के चारों ओर दीवार की घेराबंदी तथा स्ट्रीट लाइट लगाने की भी योजना है।
निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारियों के साथ मीडिया प्रभारी प्रदीप काश, गोविंद कनोडीया, पार्षद प्रतिनिधि मनोज गोप, रोशन मेहता, अमित कनोडिया, प्रेम सिंह, सन्नी यादव, अविनाश पटेल, रणजीत पासवान, मनोज सोनमान सहित दर्जनों स्थानीय लोग उपस्थित थे। विधायक ने कहा कि मंगल तालाब का विकास पटना सिटी की पहचान को और सशक्त करेगा।


No comments