ADD

Breaking News

युवा शक्ति से बदलेगा भारत: मन की बात में पीएम मोदी का विज़न, पटना साहिब में दिखा उत्साह


पटना सिटी ।
पटना साहिब विधानसभा क्षेत्र के सभी मंडलों में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 130वें एपिसोड तथा वर्ष 2026 के पहले ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सामूहिक रूप से सुना गया। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि 25 जनवरी का दिन इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि आज राष्ट्रीय मतदाता दिवस है। उन्होंने 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं से मतदाता सूची में अपना नाम पंजीकृत कराने की अपील की और पहली बार मतदान को एक उत्सव के रूप में मनाने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के युवा लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत हैं और उनकी सक्रिय भागीदारी से ही लोकतंत्र सशक्त होता है।

प्रधानमंत्री ने युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्ष 2016 में शुरू किया गया स्टार्टअप इंडिया आज देश की अर्थव्यवस्था के लिए मील का पत्थर साबित हो रहा है। उन्होंने बताया कि आज भारत के युवा एआई, स्पेस टेक्नोलॉजी, न्यूक्लियर एनर्जी और ग्रीन हाइड्रोजन जैसे क्षेत्रों में वैश्विक स्तर पर कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है और ऐसे में उत्पादों की गुणवत्ता को प्राथमिकता देना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है, क्योंकि बेहतर गुणवत्ता ही वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धा का आधार है।

बिस्कोमान कॉलोनी स्थित बीपीएस प्राइवेट आईटीआई में पूर्व बिहार विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव ने, वहीं जलकद्दर बाग माध्यमिक विद्यालय परिसर में पटना साहिब विधानसभा क्षेत्र से नव निर्वाचित विधायक रत्नेश कुशवाहा ने कार्यकर्ताओं और आम लोगों के साथ प्रधानमंत्री की मन की बात सुनी।

इस अवसर पर मीडिया प्रभारी प्रदीप काश, पार्षद विनोद कुमार, पार्षद विनय कुमार बाला, राजेश प्रताप, कांति केसरी, मंडल अध्यक्ष कौशल किशोर, मनोज साह, बूथ अध्यक्ष अरुण जायसवाल, शशि बलडिहार, अर्जुन पासवान, सूरज यादव, हरि सिंह, अनिता पांडे, साधना राव, अनिता देवी, हरेंद्र यादव, संजीव पटवा, रणजीत पासवान सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के साथ ही जलकद्दर बाग माध्यमिक विद्यालय परिसर में डॉ. अभिनव आनंद के दिशा-निर्देश में जी.एस. वेलफेयर चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें लोगों ने फिजियोथेरेपी, दंत जांच, रक्त जांच, सामान्य चिकित्सकीय परामर्श एवं मुफ्त दवाओं का लाभ उठाया।

No comments