ADD

Breaking News

क्रिसमस सेलिब्रेशन: जीजस एण्ड मेरी एकैडमी में गूंजे कैरॉल, दिखी सांता की मस्ती

 


पटना सिटी। जीजस एण्ड मेरी एकैडमी के प्रांगण में सोमवार को हर्षोल्लास के साथ क्रिसमस समारोह का आयोजन किया गया। प्रभु यीशु मसीह के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालय परिवार एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। क्रिसमस के महत्व को रेखांकित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि प्रभु यीशु के व्यक्तित्व ने संसार को प्रेम, शांति और भाईचारे का मार्ग दिखाया।

समारोह के अवसर पर विद्यालय परिवार द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम की शुरुआत ईश्वर वंदना गीत ‘झूमें नाचें गायें’ से हुई। इसके बाद कक्षा एक एवं दो की छात्राओं ने ‘जिंगल बेल’ गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। छात्राओं द्वारा प्रस्तुत क्रिसमस कैरॉल गीत ‘चरवाहे नाचे झूम के’ और ‘झूमो नाचो खुशी से आज येशू पैदा हुआ’ ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। प्रभु यीशु के जन्म की पावन घटना को झांकी के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा।

कार्यक्रम के दौरान ‘दूत सेना स्वर्ग से उतर कर आई’ गीत की प्रस्तुति से ऐसा प्रतीत हुआ मानो स्वर्गीय वातावरण साकार हो उठा हो। सांता क्लॉज के वेश में बच्चों की उपस्थिति ने समारोह में विशेष आकर्षण जोड़ा और बच्चों में उपहार व टॉफी पाने की होड़ लग गई।

इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक एम्ब्रोस पैट्रिक एवं प्राचार्या पूजा एन. शर्मा ने क्रिसमस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षिका शीला रोहतगी ने किया। आयोजन को सफल बनाने में राजेश कुमार, अजीता कुमारी, आलोक कुमार, ऋतिक कुमार एवं प्रमोद कुमार का सराहनीय योगदान रहा।

No comments