भीषण ठंड में मानव सेवा, नारायण रेकी सत्संग परिवार ने बढ़ाया मदद का हाथ
पटना सिटी। नारायण रेकी सत्संग परिवार पटना की ओर से भीषण ठंड को देखते हुए पटना सिटी वार्ड संख्या 60 स्थित कार्यालय में जरूरतमंदों के बीच ऊनी जैकेट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में जरूरतमंदों को ऊनी जैकेट का वितरण नगर निगम पार्षद शोभा देवी के हाथों किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व पार्षद बलराम चौधरी ने कहा कि अत्यधिक ठंड के इस मौसम में ऐसे लोग जो महंगे ऊनी वस्त्र खरीदने में सक्षम नहीं हैं, विशेषकर रिक्शा चालक, ठेला चालक, सब्जी विक्रेता एवं रात्रि में जीवन यापन करने वाले श्रमिक वर्ग को ठंड से बचाव के उद्देश्य से ऊनी जैकेट प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंदों की सहायता करना है, ताकि वे ठंड के मौसम में सुरक्षित रह सकें। यह प्रयास मानवीय सेवा की भावना से किया गया है और हमें विश्वास है कि यह जैकेट ठंड से बचाने में सहायक सिद्ध होंगी।
नगर निगम पार्षद शोभा देवी ने नारायण रेकी सत्संग परिवार के इस सामाजिक प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि समाज के कमजोर वर्ग की सेवा करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। इस प्रकार के आयोजन समाज में आपसी सहयोग और संवेदनशीलता को बढ़ावा देते हैं।
कार्यक्रम में नारायण रेकी सत्संग परिवार के पटना हेड अरविंद कुमार के साथ-साथ डॉ. अद्वैत कृष्णा, डॉ. गीता जैन, पुष्पा जैन, सुधा अग्रवाल, मंजू पाटनी सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय जरूरतमंद लोग लाभान्वित हुए।



No comments