ADD

Breaking News

शशिशेखर रस्तोगी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना, विजय कुमार सिंह के प्रयास से धार्मिक आयोजन


पटना सिटी।
नगर के सुप्रसिद्ध स्वर्ण व्यवसायी एवं वरीय समाजसेवी शशिशेखर रस्तोगी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना को लेकर स्थानीय मंगल तालाब दीरा मुहल्ला स्थित पंचमंदिर में सुंदरकांड का सामूहिक पाठ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन दीरा व्यायामशाला एवं पंचमंदिर न्यास की ओर से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

मुख्य पुजारी पं० भूपाल मिश्र के नेतृत्व में पं० सुरेश पांडेय, पं० धीरेंद्र पांडेय, पं० जयप्रकाश मिश्र एवं पं० मनोज कुमार मिश्र ने सस्वर सुंदरकांड का पाठ किया। लगभग तीन घंटे तक चले इस पाठ के दौरान श्री रस्तोगी के आरोग्य एवं दीर्घायु की प्रार्थना की गई। विदित हो कि श्री रस्तोगी विगत 10–11 दिनों से मस्तिष्क ज्वर से पीड़ित हैं तथा नगर के प्रतिष्ठित मेदांता अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है।

इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए दीरा व्यायामशाला एवं पंचमंदिर न्यास के महासचिव विजय कुमार सिंह ने कहा कि श्री रस्तोगी न्यास के सम्मानित मुख्य संरक्षक होने के साथ-साथ नगर के अनेक सामाजिक संगठनों को निरंतर सहयोग व मार्गदर्शन देते रहे हैं। उनके अस्वस्थ होने से नगर समाज चिंतित है और सभी उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

मुख्य पुजारी पं० भूपाल मिश्र ने सुंदरकांड के धार्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसका पाठ रोगों से मुक्ति, आरोग्य और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। यह रामायण का अत्यंत मंगलकारी अंश है, जिसमें हनुमान जी के लंका गमन, लंका दहन एवं वापसी का वर्णन है।

कार्यक्रम में पंचमंदिर न्यास के अध्यक्ष रामजी प्रसाद, उपाध्यक्ष रामजी यादव, कोषाध्यक्ष देवेंद्र कुमार यादव, संगठन सचिव ललन कुमार, वरीय न्यासी रघुनाथ प्रसाद, लक्ष्मण राय, दीप कमल, न्यासी गीता पांडेय, शोभा देवी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु नर-नारी उपस्थित रहे।

No comments