पटना सिटी। जैन धर्म के महामुनि अडिग शीलव्रतधारी श्री सेठ सुदर्शन स्वामी के पावन निर्वाणोत्सव के अवसर पर गुरुवार, 25 दिसंबर को गुलजारबाग स्थित श्री कमलदह जी दिगम्बर जैन सिद्ध क्षेत्र पर भव्य धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर जैन श्रद्धालुओं द्वारा परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ निर्वाण महोत्सव हर्षोल्लास से मनाया जाएगा।
समिति के मीडिया प्रभारी प्रवीण जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि निर्वाणोत्सव के उपलक्ष्य में हाजीगंज स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन गुरारा मंदिर से झंडा-पताका, गाजे-बाजे के साथ भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी। इससे पूर्व प्रातः 8:30 बजे जिनेन्द्र प्रभु का कलशाभिषेक, शांतिधारा एवं विशेष पूजा-अर्चना के साथ देव आज्ञा का कार्यक्रम संपन्न होगा।
श्री सुदर्शन निर्वाणोत्सव समिति के सचिव तिलक जैन ने बताया कि शोभायात्रा प्रातः 10:30 बजे हाजीगंज से प्रारंभ होकर अशोक राजपथ, सिटी चौक, मच्छरहट्टा, खाजेकलां, पश्चिम दरवाजा एवं नवाब बहादुर रोड होते हुए नगर भ्रमण करती हुई गुलजारबाग स्थित श्री कमलदह जी दिगम्बर जैन सिद्ध क्षेत्र पहुंचेगी। यहां दोपहर 2:30 बजे से महामुनि श्री सुदर्शन स्वामी का विधि-विधानपूर्वक अभिषेक, शांतिधारा, पूजा-अर्चना कर निर्वाण लाडू चढ़ाया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि पौष सुदी पंचमी के दिन श्री सुदर्शन स्वामी की निर्वाण भूमि पर प्राचीन चरण कमल के समक्ष जैन धर्मावलंबी महापरिनिर्वाण लाडू अर्पित कर श्रद्धापूर्वक निर्वाणोत्सव मनाते हैं। आयोजन को लेकर मंदिर प्रबंधन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया है। इस अवसर पर सकल पटना जैन समाज के साथ अन्य प्रांतों से भी सैकड़ों जैन श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
No comments