ADD

Breaking News

गुरु गोविंद सिंह जी महाराज की जन्मस्थली पर नतमस्तक हुए प्रधानमंत्री मोदी, दरबार साहिब में लगाई हाजिरी


पटना सिटी । 
देश की उन्नति, समृद्धि और सर्वजन कल्याण की कामना के साथ रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पवित्र श्री हरमंदिर जी पटना साहिब—जो कि दसवें सिख गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज की जन्मस्थली है—में नतमस्तक होकर हाजिरी लगाई। प्रधानमंत्री के आगमन पर पूरे परिसर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

प्रधानमंत्री मोदी ने सबसे पहले दरबार साहिब में कड़ाह प्रसाद चढ़ाया और गुरुद्वारा के मुख्य दीवान हाल में अरदास में शामिल हुए। जत्थेदार ज्ञानी बलदेव सिंह ने प्रधानमंत्री को गुरुघर का आशीर्वाद स्वरूप सिरोपा (पवित्र वस्त्र) भेंट किया। इसके बाद अतिरिक्त मुख्य ग्रंथी ज्ञानी दिलीप सिंह ने गुरु महाराज से जुड़े पवित्र निशानियों और बचपन से संबंधित वस्तुओं का दर्शन कराया। प्रधानमंत्री ने श्रद्धापूर्वक गुरु साहिब और माता जी के जोड़ा साहिब का भी दर्शन किया। 

इस अवसर पर प्रधानमंत्री के साथ केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव, प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष जगजोत सिंह सोही, महासचिव इंद्रजीत सिंह, वरीय उपाध्यक्ष लखविंदर सिंह, कनीय उपाध्यक्ष गुरविंदर सिंह, सदस्य हरपाल सिंह जोहल और प्रवक्ता सुदीप सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

प्रबंधक कमेटी की ओर से प्रधानमंत्री को प्रतीक चिह्न, श्री साहिब (तलवार) और गुरु महाराज के जीवन से संबंधित पुस्तकों का विशेष सेट स्मृति स्वरूप भेंट किया गया। दरबार साहिब से बाहर निकलते समय प्रधानमंत्री ने संगत द्वारा वितरित कड़ाह प्रसाद ग्रहण किया और श्रद्धालुओं का हाथ जोड़कर अभिवादन किया।

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने दिनकर गोलंबर से उद्योग भवन होते हुए गांधी मैदान तक भव्य रोड शो किया, जिसमें हजारों की संख्या में लोग उपस्थित रहे और “भारत माता की जय” के नारों से पूरा पटना शहर गूंज उठा। प्रधानमंत्री की यह यात्रा आध्यात्मिकता और जनसंपर्क—दोनों का अद्भुत संगम बन गई।

No comments