पटना सिटी में मनोज तिवारी का शक्ति प्रदर्शन, रोड शो में उमड़ा जनसैलाब — ‘कमल खिलावे के बा, एनडीए जितावे के बा’ के नारों से गूंजा शहर
पटना सिटी । भोजपुरी फिल्म जगत के सुपरस्टार, प्रसिद्ध गायक एवं दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी ने रविवार को कहा कि “कमल खिलावे के बा, एनडीए के जितावे के बा।”
श्री तिवारी आज पटना साहिब विधानसभा क्षेत्र के एनडीए प्रत्याशी रत्नेश कुशवाहा के समर्थन में निकले भव्य रोड शो का नेतृत्व कर रहे थे। यह रोड शो गायघाट स्थित अंबेडकर गोलंबर से शुरू होकर महाराजगंज, मीना बाजार, चौक और पश्चिम दरवाजा होते हुए देर शाम मालसलामी पहुंचा, जहां एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया।
फूलों से सुसज्जित भव्य रथ पर मनोज तिवारी के साथ सांसद नीरज शेखर, विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक नंदकिशोर यादव, महापौर सीता साहू और एनडीए उम्मीदवार रत्नेश कुशवाहा भी सवार थे। रोड शो में उमड़े जनसैलाब को देख मनोज तिवारी बेहद भावुक दिखे। उन्होंने रास्ते में लोगों का अभिवादन भोजपुरी और हिंदी दोनों भाषाओं में करते हुए कहा कि बिहार की जनता विकास और स्थिरता चाहती है, जिसे सिर्फ एनडीए ही दे सकता है।
आगे-आगे सैकड़ों मोटरसाइकिलों पर कार्यकर्ताओं का जुलूस भाजपा और एनडीए के समर्थन में नारों से गूंजता रहा। “जय श्रीराम” और “भाजपा जिंदाबाद” के जयकारों से पूरा मार्ग गूंज उठा। पीछे के रथ पर कई महिला पार्षद और स्थानीय कार्यकर्ता भी शामिल थीं, जो हाथों में झंडे लेकर कमल छाप पर वोट देने की अपील कर रही थीं।
मालसलामी रेलवे क्रॉसिंग के निकट आयोजित सभा में नेताओं ने जनता से अपील की कि डबल इंजन की सरकार को फिर से मजबूत करने के लिए रत्नेश कुशवाहा को भारी मतों से विजयी बनाएं।
दिवंगत प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के पुत्र नीरज शेखर ने कहा कि विकास की बड़ी लकीर खींचने का कार्य एनडीए ने किया है और इसे आगे बढ़ाने के लिए जनता का सहयोग आवश्यक है।
रोड शो के दौरान पूरे मार्ग में पुष्प वर्षा कर नेताओं का भव्य स्वागत किया गया। जगह-जगह जनता ने “रत्नेश कुशवाहा जिंदाबाद” के नारों से माहौल को चुनावी रंग में रंग दिया।
पूरा पटना सिटी आज एनडीए के रंग में सराबोर नजर आया, जहाँ हर गली और चौक पर सिर्फ एक ही आवाज गूंज रही थी—
“कमल खिलावे के बा, एनडीए जितावे के बा!”



No comments