पटना सिटी में मां काली प्रतिमा का भव्य विसर्जन, महाआरती में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
पटना सिटी। दीपावली पर्व के अवसर पर नून का चौराहा मोहल्ले में स्थापित मां काली की प्रतिमा का विसर्जन शनिवार को धूमधाम से किया गया। गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच निकली प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। विसर्जन यात्रा चौक शिकारपुर से आरंभ होकर चौक, मछरहट्टा, खाजेकलां, पश्चिम दरवाजा होते हुए भद्रघाट पहुंची। पूरे मार्ग में भक्तों ने जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
विसर्जन के दौरान चौक शिकारपुर स्थित गणपति भवन के पास आयोजित महाआरती में भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्त शंकर प्रसाद अकेला ने माता की महाआरती उतारी और पुष्पांजलि अर्पित की। घंटे भर चली आरती के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। आयोजन के दौरान भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस मौके पर विनोद कुमार सोनी, आदित्य सोनी, राहुल कुमार, सूरज कुमार, शंकरलाल अग्रवाल, अनिल कुमार, एसएस सागर, जितेन्द्र केशरी सहित हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे। वहीं श्री काली पूजा समिति, नून का चौराहा की ओर से अजय झा, सुनिल सिन्हा, कमला कान्त शर्मा, धर्मवीर मेहता, अजय दास, मनोज कुमार, अशोक कुमार, मोहन प्रसाद, जय चौधरी, नन्दलाल, अशोक मेहता आदि शोभायात्रा में शामिल रहे।
विसर्जन शोभायात्रा को लेकर प्रशासन की ओर से सुदर्शन पर, गुरु गोविन्द पर और अशोक राजपथ पर भगत सिंह चौक से गायघाट तक वाहनों के परिचालन को रोक दिया गया था। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई थी।



No comments