मनोज तिवारी 3 नवंबर को पटना में करेंगे रोड शो, एनडीए में चुनावी उत्साह चरम पर
पटना सिटी । प्रख्यात फिल्म अभिनेता, लोकप्रिय गायक और सांसद मनोज तिवारी आगामी 3 नवंबर को पटना पहुंचेंगे। इस अवसर पर पटना साहिब विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं द्वारा एक भव्य रोड शो का आयोजन किया जाएगा।
इसकी जानकारी क्षेत्रीय विधायक एवं बिहार विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव ने आज यहां अरोड़ा हाउस में आयोजित एनडीए की चुनाव संचालन समिति की बैठक को संबोधित करते हुए दी। उन्होंने बताया कि रोड शो गायघाट स्थित आंबेडकर गोलंबर से दोपहर 2 बजे प्रारंभ होकर मालसलामी तक जाएगा। इससे पहले 2 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिनकर गोलंबर से गांधी मैदान स्थित उद्योग भवन तक होने वाले रोड शो में पटना साहिब क्षेत्र के कार्यकर्ता बढ़-चढ़कर भाग लेंगे।
श्री यादव ने कहा कि पटना साहिब विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक बार फिर ठान लिया है कि विकास की श्रृंखला को आगे बढ़ाने के लिए भाजपा प्रत्याशी रत्नेश कुशवाहा को कमल छाप पर मतदान कर विजयी बनाना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की डबल इंजन की सरकार ने जिस तरह जनकल्याण की योजनाओं को धरातल पर उतारा है, वही एनडीए की सबसे बड़ी ताकत है।
राज्यसभा सदस्य और पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के पुत्र नीरज शेखर ने कहा कि “नंदकिशोर यादव का चुनाव प्रबंधन जादू जैसा है, वे कार्यकर्ताओं के दिलों में बसते हैं।” पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा ने विश्वास जताया कि 6 नवंबर को मतदान का प्रतिशत और अधिक बढ़ेगा, जिससे एनडीए की जीत सुनिश्चित हो जाएगी।
एनडीए प्रत्याशी रत्नेश कुशवाहा ने कहा कि नंदकिशोर यादव द्वारा क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों की श्रृंखला को आगे बढ़ाना उनका संकल्प है। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास और कार्यकर्ताओं का उत्साह इस चुनाव में एनडीए की जीत को और प्रचंड बनाएगा।
बैठक में अमेठी के विधायक सुरेश पासी, उत्तराखंड के पूर्व विधायक देवराज चौहान, त्रिलोकी प्रसाद गोलवारा, राजकुमार पटेल, अनंत अरोड़ा, अभिषेक चंद्रवंशी, रूप नारायण कुशवाहा, दिनेश पटेल, जदयू नेता खुर्शीद अहमद, पप्पू कुशवाहा, देशराज वर्णवाल एवं ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष बलराम मंडल सहित अनेक नेताओं ने संबोधित किया।
सभी वक्ताओं ने एनडीए सरकार की विकास गति को बनाए रखने के लिए रत्नेश कुशवाहा को भारी मतों से विजय दिलाने का आह्वान किया।
मंच का संचालन सुरेश पटेल ने किया।


No comments