ADD

Breaking News

"चिराग पासवान का निशाना — विपक्ष में सीटों को लेकर खींचतान, NDA तैयार मैदान में"

 


पटना : बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर राज्य की सियासत अपने चरम पर पहुंच चुकी है। जहां एनडीए (NDA) ने अपने सभी उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार तेज कर दिया है, वहीं महागठबंधन में अब तक सीट बंटवारे पर सहमति नहीं बन सकी है। इस बीच, गृह मंत्री अमित शाह तीन दिवसीय बिहार दौरे पर हैं और चुनावी रणनीति पर समीक्षा कर रहे हैं।

शनिवार सुबह केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने पटना में अमित शाह से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच करीब 15 मिनट तक चुनावी रणनीति पर चर्चा हुई। मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए चिराग पासवान ने कहा, “हमारे गठबंधन की खूबसूरती यही है कि हम एक-दूसरे का हाथ थामकर आगे बढ़ते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य 2047 तक विकसित भारत है, और उसमें बिहार का विकसित होना प्रमुख प्राथमिकता है।”

यह भी पढ़ें - "गोपालगंज में चुनावी कैश का खुलासा ! गैस रिपेयरिंग करने वाले के घर से एक करोड़ रुपये बरामद"

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने एक वर्ष में 11 बार बिहार का दौरा किया है, जो यह दर्शाता है कि उनके दिल में बिहार के लिए विशेष स्थान है। चिराग ने आगे कहा, “एनडीए में सीट शेयरिंग सुगमता से तय हुई है। भाजपा, जदयू और हमारे सहयोगी दलों ने मिलकर एकजुटता दिखाई है, जबकि महागठबंधन में अभी भी भ्रम की स्थिति है।”

तेजस्वी यादव के मुख्यमंत्री चेहरे के सवाल पर चिराग ने कहा, “जिस गठबंधन में खुद एकरूपता नहीं है, वह बिहार के विकास की बात कैसे कर सकता है।”

 "न्यूज़ सिटी चैनल ग्रुप में जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक करें और हमें फॉलो करें!" ✅

एनडीए में अपनी भूमिका पर चिराग ने कहा कि यह मनवाने या खिलाड़ी बनने का विषय नहीं, बल्कि योग्यता के अनुसार सीट तय करने की प्रक्रिया है। उन्होंने भाजपा और जदयू का आभार जताते हुए कहा कि सभी दलों को सम्मानजनक प्रतिनिधित्व मिला है।

चिराग पासवान ने दावा किया कि एनडीए विधानसभा चुनाव में भी लोकसभा की तरह ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगा और विकास के मुद्दे को ही चुनावी केंद्र में रखेगा।

No comments