"महागठबंधन में बिखराव! हेमंत सोरेन की JMM अकेले उतरेगी मैदान में, 6 सीटों पर लड़ेगी चुनाव"
पटना : बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, लेकिन महागठबंधन में सीट शेयरिंग को लेकर अब तक अंतिम निर्णय नहीं लिया जा सका है। इस असमंजस के बीच झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने महागठबंधन से अलग होकर बिहार में अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान कर बड़ा झटका दिया है।
हेमंत सोरेन ने घोषणा की कि JMM बिहार की छह सीटों — चकाई, धमदाहा, कटोरिया, मनिहारी, पीरपैंती और जमुई — पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। पार्टी ने स्पष्ट किया कि अब वह किसी भी गठबंधन के तहत नहीं, बल्कि स्वतंत्र रूप से मैदान में उतरेगी।
यह भी पढ़ें - "चिराग पासवान का निशाना — विपक्ष में सीटों को लेकर खींचतान, NDA तैयार मैदान में"
JMM के केंद्रीय महासचिव और प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि “धनलक्ष्मी का धनतेरस काल और महादेव के प्रदोष तिथि जैसे शुभ अवसर पर पार्टी ने 6 सीटों पर चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है।” उन्होंने बताया कि यह फैसला संगठन को विस्तार देने और बिहार में जनाधार मजबूत करने के उद्देश्य से लिया गया है।
इधर, महागठबंधन में सीट शेयरिंग को लेकर जारी खींचतान से सियासी असंतोष और बढ़ गया है। राजद, कांग्रेस और वाम दलों के बीच सहमति न बनने के कारण कई क्षेत्रों में उम्मीदवारों के नामांकन को लेकर उहापोह की स्थिति बनी हुई है। वहीं, एनडीए ने समय रहते सीटों का बंटवारा और उम्मीदवारों की घोषणा कर चुनाव प्रचार तेज कर दिया है।
"न्यूज़ सिटी चैनल ग्रुप में जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक करें और हमें फॉलो करें!" ✅
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि JMM के अलग होने से महागठबंधन की एकजुटता पर सवाल खड़े हो गए हैं और इसका असर पहले चरण के मतदान पर साफ दिख सकता है।


No comments