रत्नेश कुशवाहा की जीत के लिए एनडीए एकजुट, मोदी रोड शो की तैयारी तेज
पटना सिटी । पटना साहिब विधानसभा क्षेत्र में एनडीए उम्मीदवार रत्नेश कुशवाहा के समर्थन में भाजपा ने संगठनात्मक मोर्चे पर पूरी ताकत झोंक दी है। मंगलवार को पानी टंकी रोड स्थित राज दरबार हॉल में आयोजित पार्टी की संगठनात्मक बैठक में विभिन्न राज्यों से आए नेताओं ने आगामी चुनाव में रत्नेश कुशवाहा को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया। बैठक में 2 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित पटना रोड शो की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। रोड शो दिनकर चौक से उद्योग भवन तक आयोजित होगा।
बैठक को बिहार विधानसभा अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक नंदकिशोर यादव, भाजपा प्रत्याशी रत्नेश कुशवाहा, प्रदेश संगठन महामंत्री भिखू भाई दलसानिया, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा, सांसद नीरज शेखर, सांसद योगेन्द्र खंडेलिया समेत कई नेताओं ने संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि पिछले तीन दशकों में पटना साहिब क्षेत्र का जिस तेजी से सर्वांगीण विकास हुआ, वह पूरे प्रदेश के लिए एक मिसाल है।
इसी क्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मालसलामी रेलवे क्रॉसिंग और अगमकुंआ पहाड़ी पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण एनडीए सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मोदी और नीतीश सरकार ने महिलाओं के उत्थान के लिए साइकिल योजना, मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना, स्वच्छ भारत मिशन के तहत 1.41 करोड़ शौचालय निर्माण, आशा और ममता कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाने जैसी ऐतिहासिक पहलें की हैं।
सभा में सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा कि आज देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और महिला सैनिकों की उपलब्धियां महिला सशक्तिकरण की मिसाल हैं। इस अवसर पर सांसद नीरज शेखर, रूप नारायण मेहता, संजय पासवान, रणविजय पासवान सहित कई दलों के नेताओं ने एनडीए उम्मीदवार रत्नेश कुशवाहा को भारी मतों से विजयी बनाने का संकल्प लिया।


No comments