पटना सिटी में दीरा सामुदायिक भवन का उद्घाटन, विकास की नई इबारत
पटना सिटी। पटना नगर निगम मद योजनान्तर्गत निर्मित दीरा सामुदायिक भवन का उद्घाटन बिहार विधान सभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम में महापौर सीता साहू, वार्ड 62 की पार्षद तारा देवी, दीरा व्यायामशाला एवं पंचमंदिर न्यास के मुख्य संरक्षक शशिशेखर रस्तोगी, अध्यक्ष रामजी प्रसाद, महासचिव विजय कुमार सिंह, वरीय न्यासी मिश्रीलाल यादव, ज्ञानवर्द्धन मिश्र, युवा समाजसेवी रवि रोशन मेहता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
स्थानीय विकास को मिलेगा नया आयाम, विशिष्ट जनों को किया गया सम्मानित
सभा को संबोधित करते हुए श्री यादव ने कहा कि सामुदायिक भवन के निर्माण से स्थानीय निवासियों को सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के आयोजन में सहूलियत मिलेगी। उन्होंने पटना सिटी में चल रहे क्रमबद्ध विकास कार्यों की भी चर्चा की। पार्षद तारा देवी ने घोषणा की कि भवन के विस्तार हेतु वर्तमान वित्तीय वर्ष में पार्षद निधि से ₹15 लाख की राशि दी जाएगी।
महापौर सीता साहू ने दीरा व्यायामशाला के शताब्दी वर्ष पर न्यास को शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह संस्थान अब अपने लंबे समय से संजोए गए सपनों को साकार करता दिख रहा है। सभा में शशिशेखर रस्तोगी, रवि रोशन मेहता, मिश्रीलाल यादव सहित अन्य वक्ताओं ने भी विचार रखे।
कार्यक्रम में मंदिर प्रांगण में तुलसी व शमी जैसे पवित्र पौधों का रोपण किया गया। साथ ही, महापौर द्वारा फ़ोटो गैलरी का उद्घाटन किया गया। पटना आर्ट कॉलेज की चित्रकार हर्षा नगरिया ने डिजिटल स्केच व कैलीग्राफी भेंटकर अतिथियों का अभिनंदन किया।
मंच से दो फोल्डरों—‘दीरा व्यायामशाला एवं पंचमंदिर: शताब्दी का सफर’ तथा ‘नंदकिशोर यादव: बिहार की राजनीति के जाज्वल्यमान नक्षत्र’ का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर सामाजिक व सांस्कृतिक क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए लगभग डेढ़ दर्जन लोगों को अंगवस्त्र व प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया गया।
सम्मानितों में ‘म्युस्कोप’ के आविष्कारक प्रो. शिशिर कुमार, सफल आईएएस अधिकारी अजय कुमार सिंह व कौशल किशोर के परिजन प्रमुख रहे। कार्यक्रम में पं. भूपाल मिश्र, दीप कमल, सच्चिदानंद राय, शोभा देवी, गीता पांडेय, ललन यादव, संजय कुमार श्रीवास्तव आदि भी उपस्थित थे।



No comments