बलराम चौधरी की अध्यक्षता में रतन पैलेस में शिक्षक सम्मान समारोह, शिक्षकों व छात्राओं को किया गया सम्मानित
पटना सिटी। शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षा क्लासेस की ओर से रविवार को रतन पैलेस में भव्य शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व मंत्री श्याम रजक, निगम पार्षद शोभा देवी, पूर्व पार्षद सह प्रोफेसर मुमताज जहां, शिक्षा क्लासेस के मुख्य संरक्षक व पूर्व पार्षद बलराम चौधरी, समाजसेवी मोहम्मद जावेद, रोजवेल स्कूल के डायरेक्टर उत्कृष्ट राज, शरीफ अहमद रंगरेज, बबलू जायसवाल एवं शिक्षा क्लासेस के डायरेक्टर शशि कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर तथा पूर्व राष्ट्रपति भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता बलराम चौधरी ने की जबकि संचालन अरुण सर ने किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री श्याम रजक ने कहा कि “ऐसे महापुरुषों की जयंती पर हमें उनके जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन साधारण परिवार में जन्मे थे, किंतु शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को पूरी दुनिया नमन करती है।”
समारोह में शिक्षा क्लासेस के कई शिक्षकों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें शशि कुमार, उत्कर्ष डीप, अश्वनी सर, अमित कुमार, प्रमोद कुमार, आदित्य कुमार, प्रेरणा कुमारी, रिंझा कुमारी, अजय कुमार सहित अन्य शामिल रहे।
इसके अलावा शिक्षा क्लासेस की ओर से मैट्रिक परीक्षा में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण 28 छात्राओं को पूर्व पार्षद बलराम चौधरी के हाथों प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में छात्रों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। मंच पर विशेष रूप से छठ पूजा की आकर्षक प्रस्तुति दी गई, जिसे उपस्थित जनों ने खूब सराहा।





No comments