“फार्मेसी छात्रों का फूटा गुस्सा, वार्षिक परीक्षा तिथि घोषित नहीं होने पर पुतला दहन”
पटना सिटी। राज्य के राजकीय फार्मेसी कॉलेजों में डिप्लोमा इन फार्मेसी (सत्र 2023-25) की वार्षिक परीक्षा तिथि घोषित न होने से छात्रों में गहरा आक्रोश है। अंतिम सेशनल परीक्षा हुए आठ माह और पंजीयन हुए चार माह बीत चुके हैं, इसके बावजूद अब तक बिहार स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय की ओर से वार्षिक परीक्षा की तिथि तय नहीं की गई। इसी को लेकर डिप्लोमा फार्मासिस्ट आर्गनाइजेशन छात्र संघ, बिहार के बैनर तले छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया।
छात्र संघ अध्यक्ष अरविंद कुमार के नेतृत्व में सैकड़ों छात्र पटना सिटी के राजकीय फार्मेसी संस्थान से पैदल मार्च निकालते हुए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल के मुख्य द्वार तक पहुंचे। इस दौरान छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और कुलपति प्रो. डॉ. बिंदे कुमार तथा परीक्षा नियंत्रक सत्य प्रकाश का पुतला दहन किया।अध्यक्ष अरविंद कुमार ने कहा कि जिस विश्वविद्यालय के कुलाधिपति स्वयं मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार हों, वहां के विद्यार्थियों को परीक्षा तिथि घोषित कराने के लिए सड़क पर उतरना पड़े, यह शिक्षा व्यवस्था की विफलता को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, मुख्य सचिव और कुलपति को पत्र लिखकर अवगत कराया गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
संघ के उपाध्यक्ष सुबोध कुमार ने कहा कि नवंबर 2023 में ही सभी सेशनल परीक्षा पूरी हो चुकी है, फिर भी वार्षिक परीक्षा की तिथि तय न होना छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। वहीं संयुक्त सचिव श्रीकांत भगत ने चेतावनी दी कि यदि सात दिनों में तिथि घोषित नहीं की गई, तो छात्र विश्वविद्यालय का घेराव करेंगे।
इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं प्रदर्शन में शामिल हुए।
.jpeg)


No comments