पवन सिंह — उपेंद्र कुशवाहा में सुलह, विधानसभा चुनाव की सियासी हलचल तेज़
नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव में कट्टर विरोधी रहे भोजपुरी अभिनेता-प गायक पवन सिंह और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा के बीच दूरियाँ मिट गई हैं। मंगलवार को पवन सिंह दिल्ली में उपेंद्र कुशवाहा के आवास पर मिले और दोनों के बीच लंबे समय तक बातचीत हुई। बैठक में भाजपा नेता विनोद तावड़े और ऋतुराज सिन्हा भी मौजूद रहे।
सूत्रों के अनुसार बैठक के दौरान पवन सिंह ने उपेंद्र कुशवाहा का आशीर्वाद लिया और दोनों ने पुरानी खटास को भुलाकर एक जुट होने का संकेत दिया। इस सुलह को NDA के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक उपलब्धि माना जा रहा है क्योंकि शाहाबाद क्षेत्र की राजनीति में इन दोनों की पकड़ मायने रखती है।
यह भी पढ़ें - महाअष्टमी पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने की विशेष पूजा-अर्चना
राजनीति विश्लेषकों का कहना है कि पवन सिंह की वापसी और कुशवाहा के साथ तालमेल से NDA को शाहाबाद व आसपास की सीटों पर फायदा मिल सकता है। मीडिया रिपोर्टों में यह भी चर्चा है कि पवन सिंह आरा या किसी अन्य विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ सकते हैं, हालांकि अभी औपचारिक घोषणा नहीं हुई है।
बैठक के बाद भाजपा के स्थानीय नेताओं ने कहा कि पवन सिंह अब NDA के साथ मिलकर चुनावी अभियान में काम करेंगे और पार्टी को मजबूती देंगे। दोनों ओर से यह रुख सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में समीकरणों के नए मायने बने हुए हैं; आने वाले दिनों में सीट-बांट और प्रत्याशी चयन पर इसी सुलह का असर देखने को मिलेगा।


No comments