पटना: रावण वध कार्यक्रम को लेकर 2 अक्टूबर को यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव
पटना । दुर्गापूजा (दशहरा) के अवसर पर गांधी मैदान, पटना में आयोजित “रावण वध” कार्यक्रम के दौरान यातायात सुचारू संचालन और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 2 अक्टूबर को सुबह 11:00 बजे से कार्यक्रम/भीड़ समाप्ति तक यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। यह व्यवस्था केवल एम्बुलेंस, आपातकालीन वाहन और पासधारक वाहनों को छोड़कर सभी वाहनों पर लागू रहेगी।
ट्रैफिक एसपी अपराजिता लोहान ने बताया कि भट्टाचार्या चौराहा से उत्तर गांधी मैदान की ओर किसी भी वाहन का परिचालन नहीं होगा। वहीं, डाकबंगला चौराहा से जेपी गोलम्बर (गांधी मैदान) तक का मार्ग केवल विशिष्ट व्यक्तियों के लिए सुरक्षित रहेगा। डाकबंगला चौराहा से आने वाले वाहनों को न्यू डाकबंगला, भट्टाचार्या मोड़ होते हुए राजेंद्र पथ की ओर भेजा जाएगा।
यह भी पढ़ें - पवन सिंह — उपेंद्र कुशवाहा में सुलह, विधानसभा चुनाव की सियासी हलचल तेज़
न्यू डाकबंगला से एसपी वर्मा रोड में वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। इसी तरह जेपी गोलम्बर से चिल्ड्रन पार्क तक का मार्ग सिर्फ आकस्मिक स्थिति (अस्पताल जाने वाले वाहनों) के लिए सुरक्षित रहेगा। रामगुलाम चौक से पश्चिम, जेपी गोलम्बर की ओर, तथा आयुक्त कार्यालय (जेपी गंगा पथ गोलम्बर) से गांधी मैदान की ओर वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।
"न्यूज़ सिटी चैनल ग्रुप में जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक करें और हमें फॉलो करें!" ✅
गांधी मैदान के अंदर-बाहर चारों तरफ, साथ ही रामगुलाम चौक से एक्जीबिशन रोड, डाकबंगला से पटना जंक्शन गोलम्बर, जिलाधिकारी आवास से पुलिस लाइन तिराहा तक, ठाकुरबाड़ी मोड़ और बाकरगंज मोड़ से गांधी मैदान की ओर सभी मार्गों पर पार्किंग और वाहन प्रवेश वर्जित रहेगा।
अशोक राजपथ में गोविंद मित्रा रोड मोड़ से कारगिल चौक तक वाहनों का परिचालन रोका जाएगा। बेली रोड से गांधी मैदान की ओर आने वाले रिक्शा, ठेला, टेम्पो को आयकर गोलम्बर से वीरचंद पटेल पथ की ओर मोड़ दिया जाएगा।
वैकल्पिक मार्ग के तहत, पटना सिटी से आने वाले वाहन गांधी चौक से भिखना पहाड़ी मोड़, बारीपथ, मछुआटोली, दिनकर गोलम्बर, नाला रोड, अप्सरा गोलम्बर और सीडीए बिल्डिंग होकर पटना जंक्शन तक जाएंगे। दानापुर से गांधी मैदान आने वाले वाहन राजापुर पुल से बाईं ओर बोरिंग रोड चौराहा की ओर भेजे जाएंगे।
रावण वध कार्यक्रम हेतु पासधारक वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल तक जाने की अनुमति होगी, और वे केवल भीड़ समाप्ति व यातायात सामान्य होने के बाद ही बाहर निकल सकेंगे।


No comments