ADD

Breaking News

दिल्ली के कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब में टेका मत्था


पटना सिटी ।
दिल्ली सरकार के खाद एवं आपूर्ति विभाग तथा वन, पर्यावरण एवं वन्यजीव मंत्री सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा ने गुरुवार को सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज की जन्मस्थली तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब पहुंचकर मत्था टेका और गुरु घर का आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर तख्त साहिब के जत्थेदार एवं प्रधान ग्रंथी भाई बलदेव सिंह ने उन्हें सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही श्री गुरु गोविंद सिंह जी के बाल्यकाल से जुड़ी ऐतिहासिक धरोहरों एवं पवित्र वस्तुओं का दर्शन भी कराया। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष जगजोत सिंह सोही, वरीय उपाध्यक्ष लखवीर सिंह लक्खा तथा कनीय उपाध्यक्ष गुरबिंदर सिंह ने मंत्री का स्मृति चिन्ह, गुरु साहिब से संबंधित ऐतिहासिक पुस्तक एवं कृपाण भेंट कर स्वागत किया।

मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार के नेतृत्व में बिहार विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि जेपी सेतु आज पटना साहिब क्षेत्र के लिए लाइफ लाइन साबित हो रहा है, जिससे लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिली है। उन्होंने यह भी कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में पटना महानगर के नागरिक सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं, जो सराहनीय है।

उन्होंने कहा कि पटना साहिब तीन गुरुओं की पावन नगरी है और यह पूरे देश के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने गुरु महाराज से राष्ट्र की उन्नति, सामाजिक समरसता, शांति एवं समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर पटना महानगर मीडिया प्रभारी प्रदीप काश, अजय सिंह चप्पू, अधीक्षक दलजीत सिंह, दमनजीत सिंह रानू, विनय कुमार, नीरज मिश्रा, शानू मिश्रा, मो. फिरोज, प्रेम सिंह एवं राजेश टिल्लू सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

No comments