ADD

Breaking News

मेरी मां ने मुझे राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित किया : पीएम मोदी


पटना सिटी ।
पटना साहिब विधानसभा क्षेत्र के राज दरबार बैंकेट हॉल में मंगलवार को भाजपा कार्यकर्ताओं और जीविका दीदी का संयुक्त बैठक आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जीविका दीदी और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने संबोधित किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज से जीविका दीदी को "जीविका निधि साख सहकारी संघ" की नई सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इस व्यवस्था से जीविका से जुड़ी बहनों को डिजिटल माध्यम से आसानी से ऋण उपलब्ध होगा, जिससे उनके कार्यों को गति मिलेगी और वे आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर होंगी। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का मुख्य आधार सशक्त महिला है और सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में सरकार की कई योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि करोड़ों शौचालय बनवाए गए, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीबों को पक्का मकान मिला और यह सुनिश्चित किया गया कि मकान महिला के नाम पर हो। हर घर जल योजना के जरिए शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया गया, वहीं गरीब परिवारों को आयुष्मान भारत योजना के तहत मुफ्त स्वास्थ्य सुविधा दी जा रही है। इसके अतिरिक्त गरीबों को मुफ्त अनाज उपलब्ध कराकर यह सुनिश्चित किया गया कि कोई भी परिवार भूखा न सोए।

उन्होंने कहा कि ‘लखपति दीदी’ और ‘बैंक सखी’ जैसी योजनाओं ने महिलाओं को आर्थिक मजबूती प्रदान की है। मोदी ने महिलाओं को ‘माता और बहन’ कहकर संबोधित करते हुए कहा कि उनकी सेवा हमारे लिए महायज्ञ के समान है। उन्होंने कहा कि बिहार की संस्कृति मां और मईया के संबोधन से जुड़ी है, लेकिन विपक्ष ने मेरे स्वर्गीय माता के बारे में अपशब्द कहकर न केवल मेरा, बल्कि मातृत्व का अपमान किया है। यह मेरे लिए असहनीय है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि नारी शक्ति का सशक्तिकरण उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। हर घर में स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत का मंत्र पहुंचाना जरूरी है, और इसके लिए माताओं का आशीर्वाद अनिवार्य है।

कार्यक्रम में बिहार विधानसभा अध्यक्ष और स्थानीय विधायक श्री नंदकिशोर यादव सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में उपस्थित जीविका दीदी ने इस नई सुविधा का स्वागत किया और प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।

No comments