पटना सिटी गूंज उठा “जय दादी की” के जयकारों से, राणी सती दादी उत्सव का भव्य आगाज
पटना सिटी । मिरचाई गली क्षेत्र रविवार की शाम “जय दादी की” के गगनभेदी नारों से गूंज उठा। अवसर था श्री राणी सती दादी जी पटना न्यास ट्रस्ट द्वारा आयोजित भादो वदी अमावस्या के प्रथम दिन का भव्य उत्सव। कार्यक्रम की शुरुआत दादी जी के अलौकिक श्रृंगार, छप्पन भोग, मेहंदी और गजरा उत्सव के साथ हुई।
आचार्य लखन लाल शर्मा एवं हरी ओम शास्त्री की देखरेख में विशेष पूजा संपन्न कराई गई। भजन संध्या का शुभारंभ दादी भक्त राजेश देवड़ा और कोमल देवड़ा की जुगलबंदी से हुआ। इसके बाद वाराणसी से आई भजन गायिका सुगंधा वर्मा ने अपने सुमधुर स्वर से उपस्थित भक्तों को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। दादी भक्त भाव विभोर होकर झूम उठे और नृत्य करते हुए दादी जी को रिझाते रहे।
पूरे आयोजन स्थल को रंग-बिरंगे बल्बों और झूमरों से सजाया गया था। ट्रस्ट अध्यक्ष प्रभात भरतिया ने बताया कि मुख्य समारोह सोमवार प्रातः मंगला आरती से प्रारंभ होगा। इस अवसर पर 1100 सुहागिन महिलाएँ सामूहिक मंगल पाठ करेंगी, जिसे स्वर देंगी वाराणसी की पायल अग्रवाल।
कल दादी जी का विशेष श्रृंगार, छप्पन भोग, महाभोग प्रसाद, दादी जी का खजाना एवं 13 सतीयों पर चुनरी चढ़ाने की परंपरा निभाई जाएगी। कार्यक्रम की सफलता में नारायणी महिला मंडल, मारवाड़ी महिला समिति और अनेक पदाधिकारी सक्रिय रहे।




No comments