ADD

Breaking News

पटना जिले में समर कैंप का निरीक्षण, बच्चों में गणितीय कौशल के विकास पर विशेष जोर


पटना।
बिहार शिक्षा विभाग एवं प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के संयुक्त प्रयास से पटना जिले के सरकारी विद्यालयों और समुदायों में संचालित समर कैंप का निरीक्षण जिला शिक्षा पदाधिकारी, पटना श्रीमती पूनम कुमारी ने किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दानापुर प्रखंड के मध्य विद्यालय तुरहा टोली, मध्य विद्यालय सरारी, प्राथमिक विद्यालय मकदूमपुर तथा फुलवारी शरीफ प्रखंड के मध्य विद्यालय नवादा एवं प्राथमिक विद्यालय बोचाचक का भ्रमण किया।

निरीक्षण के दौरान श्रीमती पूनम कुमारी ने समर कैंप में चल रही विविध शैक्षणिक गतिविधियों का अवलोकन किया। इन गतिविधियों में वार्म-अप क्रियाएँ, गणितीय चर्चाएं, शाब्दिक पहेलियाँ एवं 'माथापच्ची' खेल प्रमुख रूप से शामिल थे। विशेष रूप से "कहानी ट्रेन" गतिविधि के अंतर्गत बच्चों को 'हरिपुर गांव की कहानी' सुनाई जा रही थी, जिसमें गणितीय संक्रियाओं को रोचक एवं रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत कर बच्चों की संख्यात्मक समझ को विकसित किया जा रहा था।


इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कहा कि कहानी आधारित गतिविधियाँ बच्चों के गणितीय कौशल को बढ़ाने में अत्यंत सहायक हैं। इस कारण समर कैंप में प्रतिदिन इस तरह की गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान दानापुर एवं फुलवारी शरीफ प्रखंड के के.आर.पी. अतुल कुमार भी उपस्थित रहे। समर कैंप को सफल बनाने में प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन से घनश्याम कुमार, गीता देवी एवं राज्य कार्यक्रम समन्वयक राजेश कुमार पाण्डेय का सराहनीय योगदान रहा।

No comments