ADD

Breaking News

उत्तरायण महोत्सव बना मिसाल, 300 निराश्रितों के चेहरे पर लौटी मुस्कान


पटना सिटी।  
मकर संक्रांति के पावन अवसर पर महर्षि दधीचि यूथ फाउंडेशन की ओर से स्थानीय गुरुद्वारा बाललीला स्थित काली स्थान मोड़ पर ‘उत्तरायण महोत्सव’ का आयोजन किया गया। इस सेवा कार्यक्रम में लगभग तीन सौ दरिद्रनारायण एवं जरूरतमंद लोगों के बीच दही-चूड़ा, भूरा, तिलकुट, लाई, सब्ज़ी के साथ-साथ कंबल का वितरण किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मकर संक्रांति जैसे पर्व पर जरूरतमंदों के बीच सेवा कार्य करना अत्यंत पुण्यदायी है और महर्षि दधीचि यूथ फाउंडेशन द्वारा किया गया यह प्रयास समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।

फाउंडेशन की स्थापना के 13वें वर्ष के उपलक्ष्य में, संरक्षक पं० शिवाकांत तिवारी की पुण्य स्मृति में तिवारी परिवार द्वारा लगभग तीन सौ निराश्रितों के बीच कंबल का वितरण किया गया। कार्यक्रम में राज्य के बाहर से आए सिख संगत ने भी प्रसाद स्वरूप दही-चूड़ा का आनंद लिया, जिससे आयोजन में सामाजिक समरसता का सुंदर दृश्य देखने को मिला।

मंच पर उपस्थित प्रमुख अतिथियों में पटना साहिब विधायक रत्नेश कुशवाहा, उप महापौर रश्मि चंद्रवंशी, एनएमसीएच की अधीक्षिका डॉ. रश्मि प्रसाद, विभिन्न वार्डों के पार्षद एवं सामाजिक प्रतिनिधि शामिल रहे। सभी अतिथियों ने जरूरतमंदों के बीच स्वयं प्रसाद और कंबल वितरित किए।

कार्यक्रम की सफलता में फाउंडेशन के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं स्वयंसेवकों की सक्रिय भूमिका रही। अतिथियों का स्वागत फाउंडेशन अध्यक्ष गोविंद पांडेय ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन कोषाध्यक्ष शत्रुघ्न कुमार ने दिया। सभा का संचालन वरीय शिक्षाविद् विजय कुमार सिंह एवं सरिता अरोड़ा ने संयुक्त रूप से किया।

No comments